शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

पकड़ें उजाले



दिल टूटे तो कौन संभाले

पीता क्यूँ है विष के प्याले 

इस दुनिया में कौन सखा है 

किस उम्मीद के चुग्गे डाले 


सहरा में जलता है कोई 

किसने देखे पाँव के छाले 

धुलते कहाँ राहों के हादसे 

सीने में उगे जो जँगल-झाले 


छेड़ो कोई ऐसी धुन 

पाँव थिरकते मनुवा गा ले 

अम्बर से बरसें किरणें 

लपक-लपक हम पकड़ें उजाले 

मंगलवार, 22 जून 2021

बचपन की यादें

यादों की गुल्लक फोड़ूँ तो ,

बचपन ज़िन्दा हो उठता है 

माँ का आँचल लहराता है ,

इक छाँव मेरे सँग चलती है 


साया जो पिता का सर पर था ,

जैसे अम्बर ताने हाथ खड़ा 

मुश्किल से मुश्किल राहों पर ,

वो बेफिक्री ,महफ़ूज़ियत आज भी मेरे सँग चले 


भाई-बहनों में छोटी थी ,

खेल-खिलौने ,झूले सब मेरे थे 

सावन का झूला वो अँगना में ,

लाड-दुलार सँग कोई लौटाए तो 


गुड्डे-गुड़ियों की दुनिया में ,

कुछ सँगी थे ,कुछ साथी थे 

अपनी-अपनी दुनिया में खो गये सब ,

वो नन्ही दुनिया आज भी मुझको दिखती है 


कुछ दोस्त गले से लगाये थे ,

जैसे जां में अपनी समाये थे 

कोई दिल के बदले दिल दे दे ,

मैं आज भी ढूँढती फिरती हूँ 

शनिवार, 15 मई 2021

चन्द गुलाबों की खातिर



खिलौने दे के बहलाये गये हैं 
बच्चों की तरह फुसलाये गये हैं 

नसीब से तो जँग होती नहीं है 
हर ठोकर पे समझाये गये हैं 

कोशिशों का ही नाम है चलना 
ज़िन्दगी से कदम मिलाये गये हैं 

चन्द गुलाबों की खातिर ही 
कितना हम काँटों पे चलाये गये हैं 

जो मिला वो कभी तोला कभी माशा 
झुनझुनों की तरह हर दम बजाये गये हैं 

शनिवार, 3 अप्रैल 2021

तुम्हारे आने की जबसे हलचल उट्ठी


 तेरे आने की जबसे हलचल उठ्ठी 
आम के बौर हैं चौंधियाए हुए 
नीबू शरीफे के फूल हैं मुस्काये जाते 
और सारी बेलें हैं कानाफूसियाँ करतीं 
सिन्दूरी आमों की डलिया भी इतरा है रही 
मेरे दिन-रात हैं सिन्दूरी से जगमगाये हुए 
कितने चन्दा हैं आसमान में उग आये हुए 

मेरी बिटिया , बेशक मेरे हाथों में अब दम कम है 
तुम्हीं बरामदे में मुझे ला बिठाओगी 
और दिखाओगी लौकी करेले की बेलें 
मैनें ओढ़ ली तारों की चूनर 
तुम्हारे आने की खबर जबसे ज़हन में महकी 
तुम्हारा चेहरा , तुम्हारा सानिध्य जाने क्या-क्या मेरे आस-पास तुम्हारे आने से पहले ही आ महका 

तुम्हारी चाहत के हजारों दिए हो उठ्ठे रौशन 
करोड़ों सूरज भी शरमाते हैं 
घर के दरो-दीवार , छोटी सी बगिया ,ऐसे महकी , फिजाँ ही फिजाँ ले आये हो 
और सबसे बढ़ कर मेरा मन डाल की सबसे ऊँची फुनगी पर झूलता हुआ जा बैठा 
और सब सिन्दूरी-सिन्दूरी हो उट्ठा 
तुम्हारे आने की जबसे हलचल उट्ठी 

बुधवार, 17 फ़रवरी 2021

बड़ी दीदी की इक्कतीसवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धान्जलि स्वरूप



वो स्नेहमई ,त्याग से भरीं , ममता की मूरत सी थीं 
दुनिया से जुदा ,निष्छल सी कोई सूरत सी थीं 
घर की बड़ी बेटी किसी स्तम्भ सी थीं 
किस को मालूम था यूँ चली जायेंगी असमय 
मुझको तो भूली नहीं उनके पसीने की गन्ध भी ,
न ही भूला है उनकी उंगलियों का स्वाद 
उनकी मौजूदगी का अहसास था हवाओं में 
अपनेपन से भरी ,निस्वार्थ भाव की मशाल लिए ,
जमीं पर उतरी परी सी थीं 

खिली रहे ये बगिया उनके फूलों की 
उनकी परवरिश के फूल यूँ ही महकते रहें 
चली गईं हैं वो बेशक तारों की दुनिया में 
वो ज़िन्दा  हैं हमारे सीने में 
उनकी दुआएँ हैं जो आज लहलहाई हैं 
सीँच कर चली गईं वो सावन की झड़ी सी थीं 

सोमवार, 15 फ़रवरी 2021

स्मृतियाँ शेष हैं


वही सड़कें हैं ,वही शहर है 
मगर बस आप नहीं हैं 
चीजों की मियाद होती है 
बस आदमी की नहीं है 

कोई ऐसे भी जाता है क्यूँ दुनिया से 
न जी भर के की बातें ,न कस कर के कोई झप्पी 
न अलविदा ही कहा 
मेरी यादों की दुनिया सूनी हो गई 
जो इक युग था मेरे सीने में ,वो कहानी हो गया 

मेरे दुख से आप दुखी ,आपके दुख से मैं उदास 
जिन्हें देखते ही उमड़ उठती हों मीठी सी सदाएँ ,
और छँट जाते हों गम के बादल 
कहाँ मिलते हैं ऐसे चारासाज 

आपको खो कर अपने शहर लौटी हूँ मगर मेरी ठण्डी हवाएँ नहीं हैं 
वही शहर है 
आपको खो कर बहुत कुछ खो दिया है मैनें 
मगर वो अहसास तो रहेंगे ताउम्र मेरे साथ  

रविवार, 24 जनवरी 2021

बड़ी दीदी को श्रद्धान्जलि 



बड़ी दीदी ,जैसे माँ की छत्रछाया 
प्यार और अपनत्व का खजाना 
वो आपका गले लगाना कि जैसे हो रूह प्यासी 
दिलेर पिता की दिलेर बेटी ,शाहों के शाह की शाहणी 
कॉंटों के सेज पर महकता गुलाब 
ऊँचा कभी न बोला किसी को ,ऐसी नम्रता की मिसाल थीं आप 
हर बार फोन पर मुझे गुड लक विश करना 
हर रोज एक-एक माला जाप अपने बच्चों और नाती-नातिनों के साथ-साथ भाई-बहन के लिये भी जपना 
इतनी आशीषों से भरीं थीं आप 
आज सोचती हूँ इसीलिये मैं इतने विघ्नों-संकटों से सही-सलामत बाहर आ जाती थी 

बड़े भाई-बहनों का जाना ,है जैसे अपने बचपन की यादों की गुल्लक का रीते होते जाना 
और आपका जाना ,है जैसे ज़िन्दगी से इक युग का अन्त हो जाना 

जब डॉक्टर्स ने हाथ खड़े कर दिये 
मिलने गई तो आवाज लगाई ' दीदी ,दीदी '
सोच रही थी मुस्करा कर आँखें खोल देंगी 
और मेरा नाम लेकर कहेंगीं ' आ गई छोटी बहना '   
मगर अफ़सोस कोई चमत्कार न हुआ 
फिर हार कर कहा कि अब और अपने मोह-पाश में नहीं बाँधूंगी 
ये जीर्ण-शीर्ण काया अब आपके काम की न रही 
अब निहारना दिए की लौ की तरफ और लीन हो जाना अपने असली स्वरूप में 
विलीन हो जाना परम-धाम में 
और यही तो जीवन का एक अकेला परम सत्य है 

पाँचों दामाद हैं जैसे बेटे 
जीवन का उत्तरार्ध सँभाला उन्हींने 
यही एकजुटता रखना तुम कायम 
पाओगे हर घड़ी आशीर्वाद उनका 
राहें होंगी रौशन ,सुख से रहोगे 
आसमान में सितारे की तरह टिमटिमायेंगी वो ,निहारेंगी वो 

बड़ी दीदी जैसे माँ की छत्रछाया